बसखारी (अंबेडकरनगर)। बसखारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में 15 अक्टूबर 2025 को सहदेई देवी बालिका इंटर कॉलेज बसखारी में एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में एंटी रोमियो टीम के साथ मिलकर छात्राओं को मिशन शक्ति फेज़ 5.0 के अंतर्गत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलम्बन से जुड़ी योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई।
थानाध्यक्ष सुनील पांडेय ने छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव, और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल मदद के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर 1090, 1076, 1930, 112, 108, 102 और 181 की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “पुलिस हमेशा आपकी सुरक्षा के लिए तत्पर है, किसी भी समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत सूचना दें, हम हर समय मदद के लिए तैयार हैं।”
कार्यक्रम में उपस्थित उपनिरीक्षक सुशीला राजवंशी ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा,“नारी शक्ति की सबसे बड़ी ताकत है—जागरूकता और आत्मविश्वास। किसी भी तरह की घटना को छुपाएं नहीं, तुरंत परिवार और पुलिस को बताएं। मिशन शक्ति का उद्देश्य ही है कि हर बालिका सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बने।”
इस कार्यक्रम से बालिकाओं में आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों और हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति गहरी जागरूकता आई।
विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों ने थाना प्रभारी और पुलिस टीम की इस सक्रिय पहल की सराहना की। यह आयोजन थाना बसखारी पुलिस की महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और जनसहभागिता का सशक्त उदाहरण बन गया।