आलापुर (अंबेडकर नगर)। नगर पंचायत चेयरमैन विनोद प्रजापति और भाजपा जिलाध्यक्ष त्र्यंबक तिवारी के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। विवाद के तेज़ होते ही दोनों पक्षों ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
सूत्रों के अनुसार, चेयरमैन विनोद कुमार प्रजापति के समर्थकों ने आरोप लगाया कि भाजपा जिलाध्यक्ष ने उन्हें सदन से बाहर निकालने का प्रयास किया और नगर पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस विरोध में कल धरना प्रदर्शन भी आयोजित किया गया था।
वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज उप-जिलाधिकारी आलापुर एवं क्षेत्राधिकारी आलापुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि विनोद प्रजापति के समर्थकों ने सोशल मीडिया पर भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ अभद्र टिप्पणियाँ और गलत आरोप लगाए हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियाँ पार्टी और संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं।
ज्ञापन में विशेष रूप से आरोप लगाया गया कि विनोद प्रजापति के सहयोगी उमेश वर्मा ने “प्रधान वर्मा” नाम की फेसबुक आईडी बनाकर लगातार भाजपा जिलाध्यक्ष पर अभद्र टिप्पणी की। भाजपा नेताओं ने कहा कि इस पर संगठन और समाज में गहरा रोष व्याप्त है।
ज्ञापन सौंपने के समय भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश भूमि विकास बैंक निदेशक यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश पाण्डेय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अरविंद सिंह, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, भाजपा जिला महामंत्री सुरेश कनौजिया, भाजपा नेता श्यामनाथ शुक्ला, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष अमित गिरी, मंडल अध्यक्ष विनय पाण्डेय, नीरज सोनी, अरविंद उपाध्याय, वीरेंद्र सिंह, कन्हैया सिंह, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष विशाल सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष आनंद जायसवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष भगवान पाण्डेय सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस विवाद के बढ़ते स्तर ने नगर पंचायत आलापुर में राजनीतिक माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है।