बसखारी (अंबेडकरनगर): नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा अंतर्गत स्थित कर्बला मैदान में वर्षों से अवैध रूप से संचालित हो रही दुकानों पर बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया।
बताया गया कि कर्बला मैदान की बंजर भूमि पर आसपास के स्थानीय लोगों समेत कुछ बाहरी व्यक्तियों द्वारा लंबे समय से टिनशेड और पन्नी डालकर अवैध रूप से दुकानें चलाई जा रही थीं। प्रशासन ने राजस्व अभिलेखों में दर्ज गाटा संख्या 780 और 813 में किए गए इन अवैध कब्जों को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से टिनशेड और पन्नी से बनी सैकड़ों दुकानों को ढहा दिया। नगर पंचायत के कर्मचारियों ने वहां से टिन, बांस, बल्लियों आदि सामग्रियों को ट्रक और अन्य वाहनों पर लादकर कब्जे में लिया।
अभियान की निगरानी कर रहे अधिकारियों में तहसीलदार निखिलेश कुमार, नायब तहसीलदार अम्बरीष सिंह, अधिशासी अधिकारी संजय जैसवार, बसखारी थाना प्रभारी संत कुमार सिंह और सम्मनपुर निरीक्षक जयप्रकाश सिंह मौजूद रहे। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, राजस्व विभाग के कर्मचारी और नगर पंचायत के कर्मचारी तैनात रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया, जबकि स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।