अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत प्रदेश के 108 आकांक्षात्मक विकासखंडों में हो रहे विकास कार्यों के भौतिक निरीक्षण के क्रम में अंबेडकरनगर जनपद के भियांव व भीटी विकासखंडों का विशेष सचिव स्तर के अधिकारी द्वारा निरीक्षण किया गया।
इस क्रम में उत्तर प्रदेश शासन के कृषि विभाग के प्रथम विशेष सचिव रविंद्र कुमार को नोडल अधिकारी के रूप में नामित किया गया था। उन्होंने विकासखंड भीटी के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में भाग लिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, परियोजना निदेशक डीआरडीए, खंड विकास अधिकारी भीटी व भियांव, तथा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
विशेष सचिव ने शासन द्वारा निर्धारित समस्त इंडिकेटर्स पर विकासखंडों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सूचनाएं एक समेकित प्रगति सूचना सूची के रूप में उपलब्ध कराई जाएं, ताकि शासन स्तर पर उसकी प्रभावी समीक्षा की जा सके।
इस निरीक्षण का उद्देश्य आकांक्षात्मक विकासखंडों में योजनाओं की वास्तविक स्थिति को समझना और आवश्यकतानुसार आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाना है।