Sunday, April 13, 2025
Homeअम्बेडकरनगर31 राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा, डीएम ने टॉयगॉन शुभंकर किया लॉन्च

31 राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा, डीएम ने टॉयगॉन शुभंकर किया लॉन्च

अंबेडकर नगर में 20 से 24 अप्रैल 2025 तक होने वाली राष्ट्रीय पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता की तैयारियां जोरों पर हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने प्रतियोगिता का शुभंकर और आदर्श वाक्य जारी किया।
प्रतियोगिता में देश भर से 31 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना, मणिपुर, चंडीगढ़ समेत कई राज्यों की टीमें शामिल हैं। साथ ही मुंबई हैंडबॉल अकैडमी, स्पोर्ट्स कैस्टल और यशस्वी एकेडमी जैसी प्रतिष्ठित संस्थाएं भी प्रतिभाग करेंगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता का शुभंकर ‘टॉयगॉन’ लॉन्च किया। टॉयगॉन टाइगर और लायन का संयुक्त रूप है, जो खेल भावना, मूल्यों और संस्कृति का प्रतीक है। प्रतियोगिता का आदर्श वाक्य ‘संकल्प ही जीत है’ रखा गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक आयोजन होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि देश भर से आने वाले खिलाड़ी यहां से अच्छा संदेश और अनुभव लेकर जाएंगे। इस अवसर पर जनपद के हैंडबॉल संघ का लोगो भी जारी किया गया।

ओमान में होने वाली हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए टीम चयन

अकबरपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय हैंडबॉल टूर्नामेंट में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम जुड़ गया है। मई माह में ओमान में होने वाली अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम का चयन यहीं किया जाएगा।

कब से कब तक होगा प्रतियोगिता

राष्ट्रीय प्रतियोगिता 20 से 24 अप्रैल 2025 तक चलेगी। इसका उद्घाटन समारोह राजकीय हवाई पट्टी ग्राउंड अकबरपुर में होगा। टीम चयन के लिए विशेष चयनकर्ता आएंगे। वे आयोजन अध्यक्ष के साथ मिलकर देशभर से आए खिलाड़ियों में से अंतरराष्ट्रीय टीम का चयन करेंगे।
उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्हें पट्टिका पहनाई जाएगी। तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुतियां होंगी।

अंबेडकर नगर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में 31 से अधिक राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि हवाई पट्टी के खाली मैदान में तीन हैंडबॉल कोर्ट तैयार किए जा रहे हैं। दो मैदानों पर दिन में मैच होंगे। तीसरे मैदान पर रात्रिकालीन मुकाबले आयोजित होंगे।
प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी स्पोर्ट्स कोटे में नौकरी के लिए पात्र होंगे। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की वर्तमान और भविष्य की भर्तियों में इन्हें स्पोर्ट्स कोटे का लाभ मिलेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस राष्ट्रीय आयोजन से अंबेडकर नगर खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाएगा। विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों के माध्यम से जनपद के लोग उनकी संस्कृति और सभ्यता से परिचित होंगे। साथ ही उन्हें यहां की संस्कृति, सभ्यता और व्यंजनों की जानकारी भी मिलेगी।
जिलाधिकारी ने पत्रकारों से इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता को कवर करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता की सफलता में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

अंबेडकरनगर हैंडबॉल एसोसिएशन का प्रतीक चिन्ह (लोगो) भी हुआ जारी

अंबेडकरनगर जिला हैंडबॉल एसोसिएशन को अब अपना खास पहचान मिल गई है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने एसोसिएशन का आधिकारिक लोगो जारी किया। उन्होंने यह प्रतीक चिन्ह जिला हैंडबॉल संघ के सचिव डॉ. हनुमान सिंह को सौंपा।
अब एसोसिएशन इस लोगो का उपयोग अपनी सभी आधिकारिक गतिविधियों में करेगा। इस अवसर पर डॉ. हनुमान सिंह ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. सदानंद गुप्ता, परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिल कुमार सिंह और अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार वर्मा शामिल थे। स्थानीय मीडिया के प्रतिनिधि भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments