पंचनद: चंबल घाटी के महानायक कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया का आज जन्म दिन है। कमांडर साहब के जन्मदिन पर चंबल म्यूजियम की ओर से उन पर बनी एक खास दस्तावेजी फिल्म ‘कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया चंबल के महानायक’ की स्पेशल स्क्रीनिंग की गई। इस फिल्म में बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर मनोज बाजपेयी ने अपनी आवाज दी है।
समर राज द्वारा बनाई गई फिल्म ‘कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया चंबल के महानायक’ की स्क्रीनिंग से पहले चंबल संग्रहालय परिवार की तरफ से कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया को नमन किया गया। दस्तावेजी लेखक डॉ. शाह आलम राना ने बताया कि कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया ने आजाद हिन्द फौज की तरह चंबल घाटी में हजारों क्रांतिकारियों को फिरंगी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए सशस्त्र क्रांति का सबसे उम्दा प्रयोग किया था। करो या मरो आंदोलन के दौरान कमांडर को 44 वर्ष की सजा हुई और वे करीब 52 बार जेल गए। आजाद भारत में कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया इटावा से तीन बार लोकसभा सांसद चुने गए। जनपद में शैक्षिक पिछड़ेपन की समस्या, आवागमन के लिए पुलों का आभाव जैसी तमाम सरोकारी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे।
डॉक्टर राना ने कमांडर साहब पर बनी फिल्म को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे कमांडर साहब के जीवन के तमाम पहलुओं को लोग अच्छी तरह समझ सकेंगे और प्रेरणा ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस फिल्म में मनोज बाजपेयी के नैरेशन के सहारे प्रोफेसर आनंद कुमार, सुधींद्र भदौरिया, केसी त्यागी, प्रोफेसर अभय कुमार दुबे और खुद उनकी यानी डॉ.शाह आलम राना की बातचीत है।