आलापुर (अंबेडकर नगर)। थाना राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के ग्राम कम्हरिया निवासी दलित मजदूर रामदास (58) पुत्र जानकी की रविवार सुबह सांप के डंसने से मौत हो गई। सुबह लगभग 6 बजे शौच के लिए जाते समय रास्ते में उन्हें सांप ने डस लिया। घर लौटकर उन्होंने लोगों को इसकी जानकारी दी लेकिन इलाज के लिए जाने से पहले ही हालत बिगड़ती चली गई।
गांव वालों ने पहले उन्हें घरेलू उपचार के तौर पर घी पिलाया और अस्पताल ले जाने की सलाह दी, परंतु रामदास तैयार नहीं हुए। इसी बीच पूर्व प्रमुख अरविंद सिंह को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने अपने वाहन से रामदास को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। कम्हरिया चौराहे तक पहुंचने में करीब आधा घंटा बीत गया। रास्ते में ही रामदास ने बताया कि अब उनकी आंखों से दिखाई नहीं दे रहा है।
स्थिति गंभीर होने पर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहांगीरगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।