Friday, October 24, 2025
Homeअम्बेडकरनगरमुख्यमंत्री योगी ने अम्बेडकरनगर को दी ₹1,184 करोड़ की विकास परियोजनाओं की...

मुख्यमंत्री योगी ने अम्बेडकरनगर को दी ₹1,184 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

श्रवण धाम और शिव बाबा धाम को मिलेगा पर्यटन का नया आयाम, किसानों को मिला आर्थिक संबल ।

अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अम्बेडकरनगर जनपद को 1,184 करोड़ रुपये की 194 विकास परियोजनाओं की ऐतिहासिक सौगात दी। तहसील अकबरपुर स्थित पावन शिव बाबा धाम में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने 102 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 92 परियोजनाओं का शिलान्यास कर जनपद के समग्र विकास को नई गति प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर “मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना” के तहत प्रदेश के 11,690 किसान परिवारों को ₹561.86 करोड़ की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की, जिसमें अम्बेडकरनगर के 431 परिवार भी शामिल हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि किसानों और आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी।

धार्मिक स्थलों के विकास से बढ़ेगा पर्यटन और रोजगार

मुख्यमंत्री ने शिव बाबा धाम में विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रवण धाम को रामायण काल से पूर्व के ऐतिहासिक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो मातृ-पितृ भक्ति की मिसाल है। इससे अंबेडकरनगर धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर एक प्रमुख स्थान प्राप्त करेगा।

मुख्यमंत्री ने शिव बाबा और श्रवण धाम परिसर में त्रिवेणी वृक्ष और नवग्रह वाटिका का पौधारोपण किया, साथ ही पर्यटन कार्यों का निरीक्षण और आगामी योजनाओं की समीक्षा की।

विकास की नई लहर: सड़क, बिजली, पानी से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य तक

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिन 194 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया, उनमें लोक निर्माण विभाग, जल जीवन मिशन, विद्युत विभाग, पुलिस की अवस्थापना, तथा आईटीआई, पॉलिटेक्निक, नलकूप, खेल स्टेडियम और पेयजल योजनाएं शामिल हैं।

राजे सुल्तानपुर में मुख्यमंत्री कल्याण मंडप, ग्रामीण स्टेडियम और नर्सरी पुनरोद्धार जैसी योजनाएं जनपद को आधुनिक विकास की ओर अग्रसर करेंगी। भीटी तहसील में अग्निशमन केंद्र और फायर ब्रिगेड यूनिट की स्थापना को भी मंजूरी दी गई है।

किसानों को मिला भरोसा, पीड़ितों को राहत.

मुख्यमंत्री ने कृषक दुर्घटना योजना के तहत लाभान्वित होने वाले किसानों और उनके परिवारों को सांत्वना और संबल प्रदान किया। उन्होंने कहा कि 2020 से अब तक लाखों किसानों को इस योजना से मदद मिली है। 2025–26 के लिए योजना का बजट बढ़ाकर ₹1,050 करोड़ कर दिया गया है।

नियुक्तियां और सम्मान: योग्य युवाओं को मिला हक..

मुख्यमंत्री ने इस दौरान चिकित्सकों, पंचायत सहायकों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्तिपत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि अब नौकरियां बोली पर नहीं, योग्यता के आधार पर मिल रही हैं। यूपी पुलिस में हालिया भर्ती में 60,000 सिपाहियों में 12,000 से अधिक बेटियां शामिल हैं, जो महिला सशक्तिकरण की मिसाल है।

सुरक्षा और न्याय की गारंटी..

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश दंगा-मुक्त और अपराध-मुक्त हो चुका है। बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राजस्व वादों को त्वरित निस्तारण के लिए समय सीमा निर्धारित की गई है।

नारी सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण..

मुख्यमंत्री ने निराश्रित महिलाओं को पेंशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ शीघ्र दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।अम्बेडकरनगर को मिलेगी नई पहचान..

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज, पॉलिटेक्निक, पर्यटन विकास जैसे कार्य अम्बेडकरनगर को नई ऊंचाई देंगे। उन्होंने कहा कि 20 से 25 हजार की आबादी वाले बाजारों को नगर पंचायत का दर्जा दिया जा सकता है, यदि वे मानकों पर खरे उतरते हैं।

महत्वपूर्ण घोषणाएं..

  • अकबरपुर बस स्टैंड का नाम ‘शिव बाबा धाम बस स्टैंड’ किया जाएगा।
  • टांडा बस स्टैंड का नामकरण ‘स्व. जयराम वर्मा बस स्टैंड’ होगा।
  • श्रवण धाम को राष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक विरासत के रूप में विकसित किया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित रहे प्रमुख लोग..

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव, एमएलसी हरिओम पांडेय, विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, मंडलायुक्त गौरव दयाल, आईजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि और अधिकारी उपस्थित रहे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments